IPL 2025 Suspended : भारत-पाक तनाव के बीच BCCI का बड़ा फैसला, आईपीएल 2025 अनिश्चितकाल के लिए टला

IPL 2025 Suspended : भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब खेलों पर भी पड़ने लगा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शुक्रवार को बड़ा फैसला लेते हुए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के बाकी बचे मैचों को फिलहाल के लिए स्थगित करने का ऐलान किया है। बोर्ड ने कहा है कि मौजूदा हालात को देखते हुए क्रिकेट जैसे आयोजनों को जारी रखना सही नहीं होगा।
BCCI की ओर से जारी बयान में कहा गया, “देश जब सीमा पर चुनौतीपूर्ण स्थिति का सामना कर रहा हो, तब किसी भी खेल आयोजन को जारी रखना उपयुक्त नहीं है।” यह फैसला ऐसे समय में आया है जब IPL 2025 अपने अंतिम चरण में था और फाइनल समेत 16 मुकाबले बाकी थे। फाइनल मुकाबला 25 मई को कोलकाता में खेला जाना था।

गुरुवार को धर्मशाला में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाना वाला मैच पहले ही रद्द कर दिया गया था। उस वक्त वजह तकनीकी खराबी बताई गई थी, लेकिन अब साफ है कि सुरक्षा कारणों की वजह से ही ऐसा किया गया था।
इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भी सुरक्षा चिंताओं के चलते पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) को यूएई में शिफ्ट करने का फैसला लिया था।
सीमा पर युद्ध जैसे हालात, भारत ने दी कड़ी प्रतिक्रिया
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया। इसके जवाब में पाकिस्तान ने गुरुवार रात कई भारतीय सैन्य ठिकानों पर ड्रोन, मिसाइल और लड़ाकू विमानों से हमला करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय सेना ने सभी हमलों को नाकाम कर दिया।
जवाबी कार्रवाई में भारत ने पाकिस्तान के चार लड़ाकू विमानों को मार गिराया, जिनमें दो अमेरिकी F-16 और दो चीनी JF-17 शामिल थे। वहीं, जवाबी ऑपरेशन में भारत ने लाहौर, इस्लामाबाद, सियालकोट और पेशावर सहित सात प्रमुख शहरों को टारगेट किया। अब नौसेना भी इस कार्रवाई में शामिल हो गई है।
.webp)
