PBKS vs CSK: प्रियांश और शशांक की धमाकेदार पारियों से पंजाब की जीत, चेन्नई को लगातार चौथी हार

PBKS vs CSK : आईपीएल 2025 (IPL 2025) के एक रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 18 रन से हराकर टूर्नामेंट में वापसी की राह पकड़ी, जबकि चेन्नई की हार का सिलसिला जारी रहा और टीम को लगातार चौथी हार झेलनी पड़ी। मंगलवार को मुल्लांपुर में खेले गए इस मैच में पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए। जवाब में चेन्नई की टीम निर्धारित ओवरों में पांच विकेट खोकर 201 रन ही बना सकी।
पंजाब की शुरुआत खराब रही, जब ओपनर प्रभसिमरन सिंह खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर (9), मार्कस स्टोइनिस (4), नेहल वढेरा (9) और ग्लेन मैक्सवेल (1) भी जल्दी-जल्दी आउट हो गए। एक छोर से बल्लेबाजी संभालते हुए प्रियांश आर्या ने शानदार अंदाज में रन बनाए और उन्हें शशांक सिंह का बेहतरीन साथ मिला। दोनों ने मिलकर 34 गेंदों में 71 रन की साझेदारी की। इस दौरान प्रियांश ने सिर्फ 39 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और आईपीएल इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले संयुक्त रूप से चौथे बल्लेबाज बन गए। उन्होंने ट्रेविस हेड के रिकॉर्ड की बराबरी की, जिन्होंने पिछले सीजन आरसीबी के खिलाफ इतने ही गेंदों में शतक लगाया था। प्रियांश ने 42 गेंदों में 103 रन की पारी खेली, जिसमें उन्होंने ताबड़तोड़ स्ट्रोक लगाए। वह आईपीएल में शतक लगाने वाले आठवें अनकैप्ड खिलाड़ी भी बन गए हैं।
प्रियांश के आउट होने के बाद शशांक सिंह ने मोर्चा संभाला और मार्को यानसेन के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 38 गेंदों में 65 रनों की साझेदारी कर टीम का स्कोर 210 के पार पहुंचा दिया। शशांक ने नाबाद 52 और यानसेन ने नाबाद 34 रन बनाए। चेन्नई की ओर से खलील अहमद और रविचंद्रन अश्विन ने दो-दो विकेट लिए जबकि मुकेश चौधरी को एक सफलता मिली।
चेन्नई की ओर से 220 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रचिन रवींद्र और डेवोन कॉनवे ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़े। रचिन 23 गेंदों में 36 रन बनाकर मैक्सवेल की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ सिर्फ 1 रन बनाकर चलते बने। डेवोन कॉनवे ने शिवम दुबे के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी की। दुबे 42 रन बनाकर आउट हुए जबकि कॉनवे ने 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 69 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने आईपीएल में अपने 1000 रन भी पूरे किए।
अंत में महेंद्र सिंह धोनी ने आकर कुछ उम्मीदें जगाई, लेकिन जब टीम को 25 गेंदों में 69 रन चाहिए थे, तब कॉनवे रिटायर्ड आउट हो गए। धोनी ने 12 गेंदों में एक चौका और तीन छक्कों की मदद से 27 रन बनाए, लेकिन अंतिम ओवर की पहली ही गेंद पर यश ठाकुर ने उन्हें आउट कर दिया। इसके बाद जडेजा (9*) और विजय शंकर (2*) क्रीज पर टिके रहे, लेकिन लक्ष्य से 18 रन दूर रह गए।
पंजाब की इस जीत में लॉकी फर्ग्यूसन ने दो विकेट लिए जबकि यश ठाकुर और ग्लेन मैक्सवेल को एक-एक सफलता मिली। यह जीत पंजाब के लिए मनोबल बढ़ाने वाली रही, वहीं चेन्नई को अपनी रणनीति पर दोबारा विचार करने की जरूरत होगी क्योंकि यह उनकी लगातार चौथी हार रही।
.webp)
