सेवईं नाला में डूबी 10 वर्षीय मासूम, मछुआरों की जाल में फंसा मिला शव

Jaunpur News : खुटहन थाना क्षेत्र के डिहियां गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय बच्ची नंदनी बिंद की पानी में डूबने से मौत हो गई। वह अपने बड़े भाई के साथ गांव के पास बहने वाले सेवईं नाला में नहाने गई थी। नहाते समय अचानक तेज बहाव में बहकर वह लापता हो गई। उसका शव करीब पांच सौ मीटर दूर मछुआरों की जाल में फंसा हुआ मिला।
गांव निवासी मुखड़ू बिंद की बेटी नंदनी अपने 12 वर्षीय भाई प्रियांशू और कुछ अन्य बच्चों के साथ रोज की तरह नहाने के लिए नाले पर गई थी। बच्चों के नहाने के बाद जब वे कपड़े बदलने लगे तो प्रियांशू ने देखा कि उसकी बहन कहीं नजर नहीं आ रही है। उसने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्ची की तलाश शुरू की गई।
काफी तलाश के बाद बच्ची का शव बगल के गांव उदयीपुर दीपी में, मछुआरों द्वारा लगाए गए मछली पकड़ने के जाल में फंसा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
नंदनी के पिता मुखड़ू बिंद गोवा शहर में रहकर मेहनत-मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही वे घर के लिए रवाना हो गए हैं। घर पर मां संगीता अपने बेटे और बेटी के साथ रहती हैं।
नंदनी गांव के एक निजी विद्यालय में कक्षा चार की छात्रा थी, जबकि उसका भाई प्रियांशू कक्षा पांच में पढ़ता है। नाले के पास बस्ती होने के कारण बच्चे अक्सर यहीं स्नान करते हैं।
इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मां संगीता बेटी की मौत से बार-बार बेहोश हो जा रही हैं, वहीं भाई प्रियांशू की रो-रोकर हालत खराब है।
.webp)
