Jaunpur : नदी में डूबने से 11 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत

जौनपुर। शाहगंज क्षेत्र के परासिन गांव में रविवार को एक दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। गांव निवासी 11 वर्षीय आकाश चौहान पुत्र शक्ती चौहान दोपहर के समय बकरियां चराने के लिए घर से निकला था। बकरियां चरते-चरते गांव से लगभग 300 मीटर दूर स्थित कुंवर नदी के किनारे पहुंच गईं। इसी दौरान आकाश ने नदी में नहाने का निर्णय लिया और कपड़े उतारकर पानी में उतर गया। दुर्भाग्यवश गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शाम तक जब आकाश घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई और वे उसकी तलाश में निकल पड़े। खोजबीन करते हुए जब परिवारजन नदी के पास पहुंचे, तो वहां कपड़े पड़े देख उनका दिल कांप उठा। काफी प्रयासों के बाद आकाश का शव नदी से निकाला गया और तुरंत ही पास के निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया, और गांव का माहौल शोकमग्न हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और कानून के तहत उचित कार्रवाई की जा रही है।
.webp)
