गोमती नदी में नहाने गए 17 वर्षीय किशोर की डूबकर मौत

जौनपुर। केराकत क्षेत्र के ग्राम सिहौली में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे गोमती नदी में नहाने गए 17 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अभिनव यादव उर्फ अत्तू (पुत्र प्रमोद यादव) निवासी सिहौली के रूप में हुई है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
गहरे पानी में जाने से डूबा किशोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभिनव अपने चार दोस्तों के साथ गोमती नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया। दोस्तों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। साथियों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने शव को नदी से बाहर निकाला।
पुलिस ने शव लिया कब्जे में, परिजनों ने किया पोस्टमार्टम से इनकार
घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक राधेश्याम सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। हालांकि, मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उच्चाधिकारियों से निर्देश प्राप्त कर आगे की कार्रवाई की।
गांव में पसरा मातम
अभिनव की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है, और ग्रामीण परिवार को सांत्वना देने में लगे हुए हैं। इस दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
.webp)
