1. Home
  2. जौनपुर

जंघई जंक्शन पर दर्दनाक हादसा, 70 वर्षीय वृद्ध ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

जंघई जंक्शन पर दर्दनाक हादसा, 70 वर्षीय वृद्ध ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

जौनपुर। वाराणसी-प्रतापगढ़ रेलवे रूट पर स्थित जंघई जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर सोमवार शाम एक दर्दनाक घटना घटी। काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के सामने कूदकर एक 70 वर्षीय बुजुर्ग ने अपनी जान दे दी। इस हादसे के चलते ट्रेन को करीब 20 मिनट तक स्टेशन पर रोकना पड़ा।

घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंची जीआरपी (Government Railway Police) ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि यह घटना शाम करीब पौने पांच बजे घटी, जब बनारस से नई दिल्ली जा रही काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस जैसे ही प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर पहुंची, तभी एक बुजुर्ग व्यक्ति इंजन और बोगी के बीच छलांग लगा दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक घंटों से प्लेटफॉर्म नंबर दो पर इधर-उधर टहल रहा था। ट्रेन के आने पर चालक ने उसे सावधानी बरतने की हिदायत भी दी थी, लेकिन उसने अनसुना करते हुए ट्रेन के सामने छलांग लगा दी।

ट्रेन चालक ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर स्टेशन मास्टर को सूचना दी। कुछ ही देर में आरपीएफ (Railway Protection Force) के सब-इंस्पेक्टर दीपक कुमार, एएसआई नरेंद्र कुमार सिंह और जीआरपी चौकी प्रभारी प्रमोद यादव मौके पर पहुंच गए और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। वह सफेद धोती-कुर्ता पहने हुए था। जीआरपी चौकी प्रभारी प्रमोद यादव ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। यदि 72 घंटे के भीतर शव की पहचान नहीं होती है, तो उसे मर्चरी में सुरक्षित रखा जाएगा।