लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर ट्रक और CNG कंटेनर की जोरदार टक्कर, चालक केबिन में फंसा, रेस्क्यू कर बचाई जान

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) से मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा मंगलवार (02 जून) सुबह करीब 04:19 बजे हुआ। घटना की खबर मिलते ही फायर स्टेशन चौकियां से अग्निशमन दल तुरंत मौके के लिए रवाना हो गया। सतहरिया के अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने फौरन राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
अग्निशमन टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक के केबिन में फंसे घायल चालक को सुरक्षित यानी जीवित बाहर निकाला। इसके बाद उसे तुरंत एम्बुलेंस के जरिए इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
तकनीकी टीम ने रोका गैस का रिसाव
हादसे के बाद सीएनजी कंटेनर से लगातार हो रहा गैस रिसाव बेहद संवेदनशील बना हुआ था। खतरे को देखते हुए दमकल विभाग ने तुरंत IOAGPL की तकनीकी यूनिट से संपर्क किया। तकनीकी विशेषज्ञों के साथ तालमेल बिठाकर कड़ी मशक्कत के बाद सीएनजी के रिसाव को पूरी तरह से बंद कराया गया। समय रहते उठाए गए इस कदम से हाईवे पर एक बड़ा ब्लास्ट होने से बच गया।
सुरक्षा व्यवस्था की गई पुख्ता
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन अग्निशमन विभाग और स्थानीय पुलिस ने मिलकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया। यातायात को सुचारू रूप से चलाने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में एफएसएसओ (FSSO) अनिल कुमार अपनी टीम के साथ डटे रहे। उनके साथ लीडिंग फायरमैन (LFM) धर्मेश राय, फायरमैन धर्मेंद्र कुमार, रविकांत, रविन्द्र कुमार और फायरमैन चालक सनोज कुमार (वाहन संख्या UP32FG3252) तथा चालक कुलदीप पाण्डेय (वाहन संख्या UP32EG2455) सहित स्थानीय पुलिस बल के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
.webp)
