1. Home
  2. जौनपुर

दो बच्चों की मां के प्रेमजाल में फंसे युवक ने लगाई फांसी, मृतक की मां ने महिला पर लगाए गंभीर आरोप

Hang

Jaunpur News : चंदवक थाना क्षेत्र के बरइछ गांव में गुरुवार रात एक 20 वर्षीय युवक ने प्रेम संबंधों के चलते आत्महत्या कर ली। युवक की पहचान वाराणसी के भेलूपुर निवासी छोटेलाल बेनवंशी के पुत्र रोहित उर्फ गोलू के रूप में हुई है, जो बचपन से ही अपनी मां के साथ ननिहाल में रह रहा था। पेशे से मोटर मैकेनिक गोलू नियार बाजार (चोलापुर) में गैराज चलाता था।

परिजनों के अनुसार, गोलू पिछले दो वर्षों से दानगंज क्षेत्र की एक शादीशुदा महिला के प्रेमजाल में फंसा हुआ था। महिला दो बच्चों की मां है और वह लंबे समय से युवक को ब्लैकमेल कर रही थी। गुरुवार दोपहर वह महिला से मिलने भी गया था और जब शाम को लौटा तो बेहद दुखी नजर आया।

फंदे से लटका मिला शव, परिवार में मचा कोहराम

गुरुवार रात लगभग 11 बजे गोलू की बहन पूजा जब पानी पीने के लिए उठी, तो उसे अपने भाई का शव पंखे से साड़ी के सहारे लटकता मिला। शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे सीएचसी डोभी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी तेजबहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

मां ने लगाया गंभीर आरोप

मृतक की मां माला देवी ने शुक्रवार दोपहर चंदवक थाने में नामजद तहरीर दी है। उनका आरोप है कि उक्त महिला गोलू को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी। वह उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही थी और उसकी सारी कमाई भी हड़प लेती थी।

बहन की शादी से पहले उजड़ा परिवार का सपना

माला देवी अपने पति से अलग होकर मायके में मेहनत-मजदूरी करके अपने चारों बच्चों की परवरिश कर रही थीं। गोलू सबसे छोटा था। उसकी बड़ी बहन की शादी आगामी 23 मई को तय थी। परिवार इस शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन बेटे की आत्महत्या ने खुशियों को मातम में बदल दिया।