अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

जौनपुर: जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के पंचहटिया स्थित एक निजी अस्पताल में बच्चेदानी का ऑपरेशन कराने के कुछ घंटे बाद महिला की मौत हो गई। घटना के पांच दिन बाद शुक्रवार को परिजन अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
मछलीशहर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी महेंद्र कुमार ने बताया कि वह अपनी पत्नी शीला देवी (45) को 7 फरवरी को पंचहटिया के निजी अस्पताल लेकर आए थे। ऑपरेशन के तुरंत बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताकर उन्हें रेफर कर दिया। तीन घंटे बाद शीला देवी की मौत हो गई।
महेंद्र कुमार और उनके भाई मोहन ने आशंका जताई कि ऑपरेशन के दौरान किडनी भी निकाली गई हो सकती है। परिजनों ने बताया कि महिला की मौत के बाद घर के दो अन्य सदस्यों की भी तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते वे शव का अंतिम संस्कार करने के बाद शुक्रवार को अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल में हंगामे की सूचना पर लाइन बाजार थाना प्रभारी सतीश सिंह के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। अस्पताल स्टाफ ने पुलिस को बताया कि डॉक्टर उस समय अस्पताल में मौजूद नहीं थे।
थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि अभी तक थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं की गई है। यदि तहरीर दी जाती है तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की निगरानी कर रही है और परिजनों से आगे की कार्रवाई के लिए संपर्क बनाए हुए है।
.webp)
