पूर्वांचल विश्वविद्यालय में बीए एलएलबी छात्रा ने किया आत्महत्या का प्रयास, छात्रों ने बचाई जान

Jaunpur News : वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय (Veer Bahadur Singh Purwanachal University) में उस समय हड़कंप मच गया जब बीए एलएलबी अंतिम वर्ष की एक छात्रा ने आत्महत्या करने का प्रयास किया। छात्रा किसी बात को लेकर तनाव में थी और कक्षा समाप्त होने के बाद एलएलबी भवन की चौथी मंजिल की छत पर चढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्रा छत से कूदने की कोशिश कर रही थी, लेकिन मौके पर मौजूद अन्य छात्रों की नजर उस पर पड़ गई।
स्थिति को गंभीर होते देख छात्र तत्काल चौथी मंजिल पर पहुंचे और छात्रा को किसी तरह पकड़कर नीचे सुरक्षित ले आए। घटना की सूचना तुरंत विश्वविद्यालय प्रशासन को दी गई। मौके पर चीफ प्रॉक्टर, चीफ वार्डन एवं डॉ. जान्हवी श्रीवास्तव पहुंचीं और छात्रा की मनोदशा को देखते हुए उसकी काउंसलिंग कराई गई।
इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रा के परिजनों को सूचित किया, जिस पर उसकी मां और बहन मौके पर विश्वविद्यालय पहुंचीं। छात्रा शहर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है। समझाइश के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
हालांकि, छात्रा द्वारा आत्महत्या के प्रयास के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है और विश्वविद्यालय प्रशासन इस मामले में कुछ भी कहने से बच रहा है। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन अधिकारिक तौर पर अभी तक कोई पुष्टि नहीं की गई है कि छात्रा किन कारणों से ऐसा कदम उठाने जा रही थी।
जनसंपर्क अधिकारी प्रोफेसर मनोज मिश्रा ने बताया कि छात्रा को समय रहते बचा लिया गया और उसे सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया गया है।
.webp)
