सुबह-सुबह प्रयागराज-जौनपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रक से टकराई बस, ड्राइवर की मौत, 9 घायल

जौनपुर। प्रयागराज-जौनपुर हाईवे पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के कोदहूं गांव के पास सिविल लाइंस डिपो की एक रोडवेज बस खड़े ट्रक से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोडवेज बस करीब 35 यात्रियों को लेकर प्रयागराज से टांडा की ओर जा रही थी। सुबह करीब साढ़े पांच बजे जैसे ही बस कोदहूं गांव के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तेज धमाके की आवाज से आसपास के लोग जाग गए।
मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंगरा बादशाहपुर भेजा गया, जबकि एक गंभीर घायल को सीएचसी सतहरिया में भर्ती कराया गया।
चालक की मौत, परिवार में कोहराम
इस दुर्घटना में बस चालक सतीश गुप्ता (45 वर्ष), निवासी बनुआडीह (शाहगंज) की मौके पर ही मौत हो गई। जैसे ही यह खबर उनके परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घायलों का चल रहा इलाज
हादसे में 9 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है। सभी घायलों की स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में बस के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
.webp)
