पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 'एक राष्ट्र - एक चुनाव' पर परिचर्चा, मंत्री गिरीश चंद्र यादव बोले – एक साथ चुनाव से होगा राष्ट्रहित में सुधार

जौनपुर: वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में रविवार को "एक राष्ट्र - एक चुनाव" विषयक परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख और सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव थे, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने की। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर की गई।

मंत्री बोले – "एक साथ चुनाव से घटेगा खर्च, बढ़ेगी कार्यक्षमता"
अपने संबोधन में मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि "एक राष्ट्र – एक चुनाव" यानी लोकसभा और राज्य विधानसभा के चुनावों को एक साथ कराना समय की मांग है। इससे चुनावों पर होने वाले खर्च में भारी कटौती की जा सकती है और सरकारी कामकाज में होने वाली रुकावटों को भी कम किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि, "मतदाता को एक ही दिन दोनों स्तर की सरकारों के लिए मतदान करने का अवसर मिलेगा। इससे लोकतंत्र की प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बनेगी।"

ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य में भी उठाया गया मुद्दा
भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने बताया कि एक साथ चुनाव की अवधारणा भारत के लिए नई नहीं है। 1951 से लेकर 1967 तक देश में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के चुनाव एक साथ कराए जाते थे। लेकिन समय से पहले विधानसभा भंग होने के कारण यह परंपरा टूट गई थी।
संचालन और उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन निवर्तमान मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्रा ने किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला महामंत्री सुशील मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख खुटहन बृजेश यादव, प्रतिनिधि सुनील यादव मम्मन, अजय सिंह, राजकेसर पाल, जिला पंचायत सदस्य श्यामबाबू यादव, मंडल अध्यक्ष प्रशांत सिंह दीपक, अजय यादव, उपेन्द्र मिश्रा, मनीष श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
.webp)
