DM ने मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया, निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश

जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने रविवार को उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एकेडमिक ब्लॉक, लेक्चर थिएटर और अन्य निर्माणाधीन ब्लॉकों का गहन अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और इसे शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि अस्पताल संचालन में कोई देरी न हो।
जिलाधिकारी ने बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण के लिए ठोस योजना तैयार करने और अस्पताल संचालन की प्रक्रिया तेज करने पर जोर दिया। उन्होंने फायर विभाग से अनिवार्य एनओसी प्राप्त करने की प्रक्रिया को भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मजदूरों से संवाद किया और अधिकारियों को मजदूरों का ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने श्रमिकों के अधिकारों और उनके लाभों को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, स्टाफ और कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने प्राचार्य प्रो. शिवकुमार और सीएमएस डॉ. ए. ए. जाफरी को ओपीडी सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों के लिए बाहर से दवाइयां लिखने पर सख्त प्रतिबंध लगाने की बात कही और ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने अस्पताल संचालन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इसे जल्द शुरू करने पर जोर दिया।
.webp)
