सामूहिक नकल के आरोप में परीक्षा केंद्र रद्द, नया एग्जाम सेंटर निर्धारित

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने गाजीपुर जिले के जन भारती महाविद्यालय, तलवल को सामूहिक नकल के आरोप में परीक्षा केंद्र के रूप में निरस्त कर दिया है। यह निर्णय तब लिया गया जब मोबाइल के माध्यम से नकल करने की शिकायतें सामने आईं। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने तुरंत कदम उठाते हुए चार महाविद्यालयों के छात्रों का परीक्षा केंद्र बदल दिया।
विश्वविद्यालय के स्नातक और स्नातकोत्तर के विषम सेमेस्टर 2024-25 की परीक्षाएं चल रही थीं। जन भारती महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर चार महाविद्यालयों के छात्र परीक्षा दे रहे थे, जिनमें जन भारती महाविद्यालय तलवल, जेबी महाविद्यालय खनकीचक, लूटावन महाविद्यालय सकरा जैतपुरा, और श्री धनेश्वर महाविद्यालय कुसमी खुर्द सिरगिठा शामिल हैं। अब इन छात्रों की परीक्षा 23 दिसंबर से दशरथ संस्थान, हरिहरपुर कनारी, गाजीपुर में आयोजित की जाएगी।
देखें परिवर्तित परीक्षा केंद्रों की लिस्ट
शिकायतों के आधार पर उड़ाका दल ने केंद्र पर छापा मारा और सामूहिक नकल की पुष्टि की। इसके बाद विश्वविद्यालय को रिपोर्ट भेजी गई। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने केंद्र को निरस्त करने का आदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
इस निर्णय से छात्रों और संबंधित महाविद्यालयों में खलबली मच गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी महाविद्यालयों को निर्देश दिया है कि आगे किसी परीक्षा केंद्र पर ऐसी घटनाएं न हों और परीक्षा की शुचिता बनाए रखी जाए।
.webp)
