1. Home
  2. जौनपुर

जलालपुर में जनरल स्टोर में गैस सिलेंडर फटने से लगी आग, हजारों का माल जलकर राख, दुकानदार झुलसा

जलालपुर में जनरल स्टोर में गैस सिलेंडर फटने से लगी आग, हजारों का माल जलकर राख, दुकानदार झुलसा

जौनपुर: वाराणसी-लखनऊ नेशनल हाईवे स्थित जलालपुर के नये पुल के पास बुधवार को एक जनरल स्टोर और मिष्ठान्न की दुकान में अज्ञात कारणों से लगी आग ने भयंकर रूप ले लिया। अपराह्न करीब तीन बजे दुकान में रखा गैस सिलेंडर गर्म होकर विस्फोट कर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। घटना में दुकान संचालक बालचंद वर्मा झुलस गए और उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दुकानदार को झुलसने से गंभीर चोटें

बीबनमऊ गांव निवासी बालचंद वर्मा की दुकान जलालपुर नये पुल सई सेतु के पास स्थित थी। बालचंद ने बताया कि वे अपने काम में व्यस्त थे, तभी अचानक रहस्यमय तरीके से दुकान में आग लग गई। आग लगने के बाद सिलेंडर गरम होकर फट गया, जिससे दुकान में रखा फ्रिज, टीवी, साइकिल, बैटरी, बर्तन, मिठाई, दूध, और अन्य आवश्यक कागजात जलकर राख हो गए।

सिलेंडर का विस्फोट और चार मंजिला रेस्टोरेंट को नुकसान
विस्फोट इतना जबरदस्त था कि सिलेंडर उड़कर करीब सौ मीटर दूर स्थित एक चार मंजिला रेस्टोरेंट की एसी से जा टकराया, जिससे एसी क्षतिग्रस्त हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। कुछ समय बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, इस दुर्घटना में हजारों का नुकसान हो चुका था।


आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटना स्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं और आगे की कार्रवाई जारी है।