1. Home
  2. जौनपुर

काश घर से न गया होता रणजीत...निर्माणाधीन मकान के नीचे मिला 25 वर्षीय युवक का शव, रोते हुए बिलख पड़ी मां

Jaunpur

Jaunpur News : सरपतहां थाना क्षेत्र के सरायमोहिउद्दीनपुर गांव में रविवार सुबह एक निर्माणाधीन मकान के नीचे युवक का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रणजीत (25 वर्ष) पुत्र भारत के रूप में हुई है, जो हाल ही में गुजरात से कमाकर घर लौटा था। पुलिस ने हत्या की आशंका के आधार पर चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

शव मिलने से मचा कोहराम

रविवार सुबह जब कुछ युवतियां शौच के लिए निकलीं, तो उन्होंने मकान के नीचे रणजीत का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां मां सुमित्रा देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में मातम का माहौल छा गया है।

गुजरात से लौटा था घर, रात में साथ ले गए थे दो युवक

परिजनों के अनुसार, रणजीत शुक्रवार को गुजरात से लौटा था। शनिवार दोपहर वह घर पर आराम कर रहा था, तभी गांव के ही दो युवक उसे अपने साथ ले गए। शाम को सभी ने गांव के ही हरीलाल के मड़हे पर भोजन-पार्टी की और बाद में रणजीत ने अपने परिजनों के साथ गेहूं की मड़ाई करवाई। इसके बाद वह पड़ोस में बने निर्माणाधीन मकान पर चला गया।

रात में क्या हुआ, बना रहस्य

जिस मकान के नीचे शव मिला, उसकी छत पर मकान मालिक के बेटे अखिलेश और श्यामू रात में सो रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि शायद रणजीत भी उनके साथ छत पर सोया हो और किसी कारणवश छत से नीचे गिर गया हो, या फिर मामला कुछ और हो। फिलहाल यह घटना रहस्य बनी हुई है।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

काश रणजीत घर से न गया होता

रणजीत की मां सुमित्रा देवी बेसुध होकर बार-बार यही कहती रहीं, "काश रणजीत घर से न गया होता, तो वह आज जिंदा होता।" उनके विलाप ने वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम कर दीं।

वाराणसी संभाग में बढ़ रही आपराधिक घटनाएं

गौरतलब है कि पिछले 24 घंटों में सरपतहां थाना क्षेत्र में यह दूसरी हत्या से जुड़ी घटना है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस अब हर पहलू से जांच कर रही है कि यह हादसा था या सोची-समझी साजिश।