1. Home
  2. जौनपुर

Jaunpur : मधुपुर गांव में पशु तस्करों का आतंक, विरोध पर बरसाए पत्थर

Jaunpur : मधुपुर गांव में पशु तस्करों का आतंक, विरोध पर बरसाए पत्थर

Jaunpur :मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मधुपुर गांव में पशु तस्करों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। बीती रात हथियारबंद तस्कर एक घर के बाहर बंधी भैंस को पिकअप वाहन में लादकर फरार हो गए। विरोध करने पर उन्होंने ग्रामीणों पर ईंट-पत्थर फेंके और तेजी से बीकासराय की ओर भाग निकले।

मधुपुर गांव के मीरपुर निवासी शेखर यादव अपने घर के बाहर बनी गौशाला में भैंस रखते हैं। सोमवार रात करीब 12 बजे पिकअप सवार तस्कर वहां पहुंचे और चुपचाप भैंस को खोलने लगे। जब भैंस ने शोर मचाया तो परिवार के सदस्य जाग गए। उन्होंने जब इसका विरोध किया, तो तस्करों ने ईंट-पत्थर बरसाते हुए उन्हें डराने की कोशिश की।

परिजन और ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए मोटरसाइकिल से तस्करों का पीछा किया, लेकिन वे तेज रफ्तार में भाग निकले। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन कर लौट गई।

इस मामले में थानाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस जल्द ही पशु तस्करों को गिरफ्तार कर इस अपराध का खुलासा करेगी।