Jaunpur : शीतला चौकियां धाम में जूते पहन कर खड़े दिखे चौकी इंचार्ज, वीडियो हो रहा वायरल

जौनपुर। नवरात्रि के पावन अवसर पर जौनपुर स्थित चौकियां धाम मंदिर में एक पुलिस अधिकारी का जूता पहनकर मंदिर परिसर में खड़े होने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। यह वीडियो अष्टमी के दिन का बताया जा रहा है, जिसमें लाइन बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकियां धाम चौकी के इंचार्ज इश चंद यादव मंदिर परिसर में ड्यूटी के दौरान जूते पहने हुए नजर आ रहे हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे फेसबुक और व्हाट्सऐप पर यह वीडियो खूब शेयर किया जा रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि चौकी इंचार्ज मंदिर के भीतर श्रद्धालुओं के बीच अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं, लेकिन उन्होंने जूते नहीं उतारे हैं। नवरात्र जैसे धार्मिक अवसर पर इस तरह की लापरवाही से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।
इस मामले में जब चौकी इंचार्ज इश चंद यादव से बात करने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला, जिससे उनकी प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
वहीं, सीओ सिटी देवेश सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्हें इस वायरल वीडियो की जानकारी नहीं है, लेकिन मामले की जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस वीडियो के सामने आने के बाद श्रद्धालुओं में नाराज़गी देखने को मिल रही है। कई लोगों का कहना है कि मंदिर जैसे पवित्र स्थल पर इस तरह का व्यवहार निंदनीय है और अधिकारियों को जनता की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए।
देखें वीडियो
.webp)
