Jaunpur: मिट्टी लदे ट्रैक्टर से कुचलकर 10 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, चालक फरार

जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के ब्रह्मदेव गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। महज 10 साल का मासूम बच्चा मिट्टी लदे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आकर मौके पर ही दम तोड़ बैठा। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जबकि गांव में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, ब्रह्मदेव गांव में सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे बगल के गांव सपही से मिट्टी भरकर लाया गया ट्रैक्टर खेत में मिट्टी पाट रहा था। उसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने गांव के ही विकास उर्फ लाला यादव के 10 वर्षीय पुत्र राज यादव से गुटखा लाने को कहा। राज, जो कक्षा चार का छात्र था, गुटखा लेकर जैसे ही ट्रैक्टर के पास पहुंचा, चालक ने बिना ट्रैक्टर रोके ही लापरवाहीपूर्वक गुटखा लेने की कोशिश की। इसी दौरान राज ट्रैक्टर के पिछले पहिए की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद खेत में काम कर रहे ग्रामीणों ने तुरंत बच्चे के परिजनों को सूचना दी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां प्रमिला, दादी मालती और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में मातम छा गया और लोग आक्रोशित हो उठे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर और मिट्टी लदी ट्रॉली को कब्जे में लेकर कोतवाली भेज दिया। हालांकि शव को कब्जे में लेने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। परिजन शव को देने को तैयार नहीं हो रहे थे। इस दौरान ग्राम प्रधान सुधीर सिंह उर्फ छोटे के समझाने-बुझाने के बाद परिजनों ने शव पुलिस को सौंपा। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
राज यादव तीन बच्चों में सबसे बड़ा था। उसका एक छोटा भाई राजन (6 वर्ष) और एक बहन (3 वर्ष) है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में गम और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से एक परिवार का चिराग बुझ गया।
मामले की पुष्टि करते हुए मड़ियाहूं कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
.webp)
