जौनपुर: दुर्गा पूजा पंडाल में करंट उतरने से 7 साल के कल्लू की मौत, बुझ गया घर का इकलौता चिराग

जौनपुर के केराकत कोतवाली क्षेत्र के खटहरा गांव में दुर्गा पूजा पंडाल में करंट उतरने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में बच्चे की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब चीख-पुकार मची है। बेटे को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान खटहरा गांव निवासी नीरज सरोज के सात वर्षीय बेटे कल्लू सरोज के रूप में हुई है। कल्लू मुर्तजाबाद-बगथरी स्थित माइक्रोटेक विद्यालय में एलकेजी का छात्र था। वह अपनी तीन वर्षीय छोटी बहन से बड़ा था। उसके पिता महाराष्ट्र के मुंबई-नासिक क्षेत्र में एक डेयरी कंपनी में काम करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
टेंट के पाइप में करंट उतरने से हुआ हादसा
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में दुर्गा पूजा पंडाल तैयार करने का काम गोलू टेंट हाउस की ओर से कराया जा रहा था। इसी दौरान पंडाल में लगाए गए टेंट के पाइप में करंट उतर गया, जिसकी चपेट में आने से कल्लू की मौत हो गई। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों में अलग-अलग राय
घटना की जानकारी मिलते ही केराकत कोतवाली के साथ चंदवक और जलालपुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बच्चे की मौत के बाद शव के अंतिम संस्कार को लेकर परिजनों और ग्रामीणों के बीच अलग-अलग राय सामने आई। कुछ लोग तत्काल दाह संस्कार करना चाहते थे, जबकि कुछ पोस्टमार्टम कराने के पक्ष में थे।
पुलिस ने परिजनों को समझाया-बुझाया, जिसके बाद वे पोस्टमार्टम के लिए राजी हो गए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
मासूम की मौत से गांव में मातम
कल्लू की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिवार के जिस आंगन में कुछ समय पहले तक बच्चे की हंसी गूंजती थी, वहां अब मातम पसरा है। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।
.webp)
