1. Home
  2. जौनपुर

Jaunpur: दहेज की मांग पर विवाहिता से मारपीट, पति समेत चार के खिलाफ FIR

FIR

जौनपुर। दहेज के लोभियों पर आखिरकार न्यायालय का डंडा चला है। पांच महीने की चुप्पी और थाने की अनदेखी के बाद पीड़िता की गुहार पर कोर्ट के आदेश से दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता नेहा गुप्ता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उसके पति मृत्युंजय दास गुप्ता, सास गीता देवी, देवर धनंजय दास गुप्ता और ननद मोनिका दास गुप्ता के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है।

 

नेहा गुप्ता निवासी मोहल्ला गुड़हाई, थाना मुंगराबादशाहपुर ने न्यायालय में वाद दाखिल कर बताया कि उसकी शादी 1 दिसंबर 2021 को भदोही जिले के ज्ञानपुर थाना क्षेत्र स्थित देवपुर गांव के मृत्युंजय दास गुप्ता से हुई थी। विवाह के समय नेहा के परिजनों ने दो लाख रुपये नकद, जेवर, कपड़े सहित तमाम सामान उपहार स्वरूप दिए थे, लेकिन विवाह के दौरान ही पति द्वारा मोटरसाइकिल और 50 हजार रुपये नकद की अतिरिक्त मांग रखी गई थी।

 

पीड़िता के अनुसार, शुरुआत में सब सामान्य रहा, परंतु कुछ समय बाद उसका उत्पीड़न शुरू हो गया। पति के साथ-साथ सास, देवर और ननद भी दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। मायके आकर नेहा ने अपनी पीड़ा बताई, जिसके बाद पंचायत हुई और यह तय हुआ कि अब कोई दहेज की मांग नहीं की जाएगी। ससुरालियों ने विदाई करा ली, लेकिन कुछ ही दिन बाद फिर उत्पीड़न शुरू हो गया।

 

15 दिसंबर 2024 को हालात बेहद गंभीर हो गए जब दहेज की मांग पर नेहा के साथ जमकर मारपीट की गई। आरोप है कि ससुरालियों ने उसका सामान छीन लिया और बोलेरो में बैठाकर उसे जंघई रोड स्थित साधू की कुटी के पास उतार दिया। किसी तरह वह अपने मायके पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई।

पुलिस से न्याय न मिलने पर नेहा ने न्यायालय की शरण ली। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने पति, सास, देवर और ननद के विरुद्ध दहेज प्रतिषेध अधिनियम समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इस पूरे मामले में थानाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि न्यायालय के आदेश पर नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।