1. Home
  2. जौनपुर

Jaunpur : त्रिलोचन महादेव बाजार में पागल कुत्ते का आतंक, एक दर्जन लोगों को काटकर किया घायल

Dog

Jaunpur News : त्रिलोचन महादेव बाजार में शनिवार को एक पागल कुत्ते ने आतंक मचाते हुए करीब एक दर्जन लोगों और कई मवेशियों को काटकर घायल कर दिया। अचानक हुए इस हमले से बाजार और आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। घायल लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेहटी और निजी क्लीनिकों में जाकर अपना इलाज करवा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े 11 बजे त्रिलोचन बाजार में एक राहगीर पर कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। इसके बाद कुत्ता हाईवे की ओर दौड़ते हुए जो भी राह में आया, उस पर हमला करता चला गया। कुत्ते के हमले में इंसानों के साथ कई मवेशी भी घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने पागल कुत्ते को मार गिराया

बाजार में बढ़ते आतंक को देखते हुए स्थानीय लोग ईंट-पत्थर और लाठियां लेकर कुत्ते के पीछे दौड़ पड़े। काफी मशक्कत के बाद एक युवक ने लाठी से हमला कर कुत्ते को मार गिराया। इसके बाद बाजारवासियों ने राहत की सांस ली।

कई घायल, इलाज जारी

कुत्ते के हमले में घायल होने वालों में राजकुमार जायसवाल, राहुल जायसवाल, नीरज शर्मा, रंजीत और मिथिलेश पटेल समेत एक दर्जन लोग शामिल हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहटी के अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि अस्पताल में रेबीज का इंजेक्शन उपलब्ध है और घायलों को तत्काल इंजेक्शन लगाया जा रहा है।

दहशत का माहौल

घटना के बाद से त्रिलोचन बाजार और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग बच्चों और मवेशियों को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहे हैं ताकि कोई और घटना न हो।