Jaunpur : रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आया अधेड़, मौके पर दर्दनाक मौत

जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गोपालापुर गांव के पास शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब रेलवे ट्रैक पार करते समय एक अधेड़ व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आकर मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान धर्मापुर गांव निवासी 52 वर्षीय गुलाब यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, गुलाब यादव शनिवार सुबह करीब आठ बजे अपने घर से निकले थे। लगभग साढ़े नौ बजे के आसपास वह जौनपुर-औड़िहार रेलवे ट्रैक पर गोपालापुर गांव के पास ट्रैक पार कर रहे थे, तभी गाजीपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रेन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में गुलाब यादव को सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद गौराबादशाहपुर थाने से उपनिरीक्षक रामलाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गुलाब यादव की असमय मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
गौराबादशाहपुर थाना प्रभारी फूलचंद पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह दुर्घटना रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की टक्कर से हुई है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
.webp)
