Jaunpur : प्रेम विवाह के चार साल बाद युवक ने रचाई दूसरी शादी, पहली पत्नी पहुंची थाने, फिर...

जौनपुर। केराकत क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की प्रेम कहानी अब कानूनी पेंच में उलझ गई है। रोज़गार की तलाश में पटना गए युवक को वहां एक युवती से प्यार हो गया था, जिसके बाद दोनों ने समाज और परिवार के विरोध को दरकिनार कर वर्ष 2016 में मंदिर में शादी कर ली।
शादी के बाद दोनों केराकत क्षेत्र के एक गांव में रहने लगे। शुरुआती चार वर्षों तक उनका वैवाहिक जीवन सामान्य रहा और इस दौरान दो बच्चों का जन्म भी हुआ। लेकिन वक्त के साथ उनके रिश्ते में दरार आने लगी। छोटी-छोटी बातों पर झगड़े बढ़ते गए और दोनों के बीच भावनात्मक दूरी पैदा हो गई।
गुपचुप रचाई दूसरी शादी
इसी बीच युवक ने अपनी पत्नी को बिना जानकारी दिए चुपचाप दूसरी शादी कर ली। जानकारी के मुताबिक, उसने गाजीपुर जनपद में दूसरी शादी रचाई और वहीं जाकर बस गया। जब पहली पत्नी को इस बारे में जानकारी मिली, तो वह आहत और हैरान रह गई।
कोतवाली पहुंच कर लगाई गुहार
पति की इस हरकत से दुखी पत्नी ने केराकत कोतवाली पहुंचकर एक लिखित शिकायत दी और कानूनी कार्रवाई की मांग की। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति बिना तलाक लिए दूसरी शादी कर चुका है, जो न केवल अनैतिक है, बल्कि भारतीय कानून के तहत अपराध भी है।
पुलिस कर रही जांच
इस मामले पर जब कोतवाली प्रभारी अवनीश कुमार राय से पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है, जहां लोग प्रेम विवाह और उसके बाद की परिस्थितियों को लेकर कई तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
.webp)
