1. Home
  2. जौनपुर

Jaunpur: भड़ेहरी कोटेदार पर राशन घोटाले का आरोप, आपूर्ति निरीक्षक की जांच के बाद FIR

FIR

जौनपुर। राशन वितरण में अनियमितता और कालाबाजारी के गंभीर आरोपों में भड़ेहरी गाँव के कोटेदार कपिल देव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई आपूर्ति निरीक्षक दिलीप कुमार की जांच के बाद की गई, जिसने पूरे प्रकरण की परत-दर-परत सच्चाई उजागर कर दी।
जानकारी के अनुसार, जलालपुर विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत भड़ेहरी के कोटेदार कपिल देव एक पूर्व विवाद के चलते जेल भेजे गए थे। उनके जेल जाने के बाद विभाग ने उनके राशन वितरण का प्रभार पड़ोसी गाँव जहरिला कला के कोटेदार ओमप्रकाश को सौंप दिया था। कपिल देव ने 4.66 कुंतल गेहूं और 6.99 कुंतल चावल अवशेष राशन के रूप में सौंपा था।
मई माह में जब भड़ेहरी गाँव के कार्डधारकों को राशन नहीं मिला, तब उन्होंने उच्च अधिकारियों से शिकायत की। प्रभार में आए कोटेदार ओमप्रकाश ने ग्रामीणों को मौखिक रूप से बताया कि उन्हें नया राशन अभी नहीं मिला है, और जो मिला था वह पहले ही वितरित कर दिया गया है।
बढ़ती शिकायतों को देखते हुए आपूर्ति निरीक्षक दिलीप कुमार ने 19 मई को गांव में जांच की। जांच में सामने आया कि कपिल देव द्वारा पहले ही 54 कुंतल गेहूं और 81 कुंतल चावल की कालाबाजारी की जा चुकी है, जिसके कारण मई महीने का राशन वितरण भी प्रभावित हुआ। जांच रिपोर्ट में कपिल देव को दोषी पाए जाने पर दिलीप कुमार ने केराकत कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई। कोटेदार पर राशन घोटाले और सरकारी खाद्यान्न की कालाबाजारी का आरोप दर्ज किया गया है।