1. Home
  2. जौनपुर

Jaunpur : बहन की शादी से पहले भाई की मौत, ट्रेलर ने छीनी दो जिंदगियां

...

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पतहना मोड़ (गोसाईपुर) गांव के पास मंगलवार की सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। एक तेज रफ्तार ट्रेलर और सामने से आ रहे ई-रिक्शा की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह से बाधित रहा और घटनास्थल पर कोहराम मच गया।

..

मोहित और अमला की मौके पर ही गई जान

घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे की है जब काजीबाजार (पतहना) निवासी शंकर का बेटा मोहित (25) अपने चाचा अमला प्रसाद (55) और मित्र शालू (22) के साथ बाजार के लिए निकला था। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर पतहना मोड़ की ओर जा रहे थे, तभी सामने से तेज रफ्तार ट्रेलर को ओवरटेक करने के दौरान अचानक एक ई-रिक्शा सामने आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक बाइक समेत ट्रेलर के नीचे आ गए। ट्रेलर के पहिए के नीचे दबने से मोहित और अमला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि शालू गंभीर रूप से घायल हो गया।


हादसे के बाद ड्राइवर फरार

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रेलर और ई-रिक्शा के चालक मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में सरायख्वाजा थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से ट्रेलर को हटाकर शवों को बाहर निकाला। घायल शालू को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां से उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया।

थाना प्रभारी विनय प्रकाश सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और ट्रेलर को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।