1. Home
  2. जौनपुर

Jaunpur : चैत्र नवरात्रि और ईद को लेकर जिला शांति समिति की बैठक, DM ने दिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था कड़े निर्देश

Jaunpur : चैत्र नवरात्रि और ईद को लेकर जिला शांति समिति की बैठक, DM ने दिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था कड़े निर्देश

जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि आगामी चैत्र नवरात्रि और ईद को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।

उन्होंने नगर क्षेत्र के लिए अधिशासी अधिकारी (ईओ) और ग्रामीण क्षेत्र के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) को निर्देशित किया कि ईदगाह में सफाई व्यवस्था और एंटी लार्वा छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, ईदगाह जौनपुर के सामने स्थित क्षतिग्रस्त खंभे को तुरंत ठीक करने के लिए अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) विद्युत को निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में कोई नई परंपरा प्रारंभ नहीं की जाएगी।

Jaunpur : चैत्र नवरात्रि और ईद को लेकर जिला शांति समिति की बैठक, DM ने दिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था कड़े निर्देश

चैत्र नवरात्रि के लिए विशेष तैयारियां

चैत्र नवरात्रि को ध्यान में रखते हुए मां शीतला चौकियां धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। नगर मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिटी और अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिया कि संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मां शीतला चौकियां धाम में पार्किंग शुल्क निर्धारित करें, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, धाम में लगे जर्जर बिजली के तारों को तुरंत बदला जाए, इसके लिए एक्सईएन विद्युत को निर्देशित किया गया।

पुलिस प्रशासन की सख्त हिदायत

पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि पूर्व की भांति इस बार भी त्योहारों को शांति पूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि शासन द्वारा लाउडस्पीकर के संबंध में दिए गए आदेशों का सख्ती से पालन हो।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं होगी और न ही किसी को रास्ता अवरुद्ध कर धार्मिक आयोजन करने दिया जाएगा।

बैठक में नगर पालिका और नगर पंचायतों के चेयरमैन, जिला शांति समिति के सदस्य, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामअक्षयवर चौहान, अपर पुलिस अधीक्षक अजय अंबष्ट, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शैलेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह सहित कई अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।