Jaunpur: प्रेम प्रसंग के चलते चचेरे भाई ने की युवक की हत्या, पहले पिलाई शराब फिर सीने में दागी गोली

जौनपुर। जिले के तेजीबाजार थाना क्षेत्र के चितौड़ी गांव में प्रेम प्रसंग के चलते रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां एक युवक की उसके ही चचेरे भाई और उसके साथियों ने साजिश रचकर बेरहमी से हत्या कर दी। पहले उसे नशे का झांसा देकर गांव से दूर एक बाग में बुलाया गया, जहां उसे शराब पिलाई गई और फिर सीने में गोली मार दी गई।
गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। शव को वापस उसी बाग में छोड़कर आरोपी फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान छोटेलाल पुत्र स्व. बाकेलाल निवासी जंगीपुर, थाना तेजीबाजार के रूप में हुई है। बताया गया कि युवक को अमन हरिजन पुत्र गुड्डू, अशोक उर्फ भुण्डा पुत्र राजेंद्र और अमित हरिजन पुत्र अमरनाथ तीनों निवासी ग्राम जंगीपुर शराब पीने के बहाने चितौड़ी गांव के एक बाग में ले गए थे। यहां उन्होंने पहले शराब पिलाई और फिर किसी युवती के साथ प्रेम संबंधों को लेकर हुए विवाद के चलते उसे गोली मार दी।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे घायल अवस्था में डॉक्टर के पास ले गए, लेकिन जब उन्होंने देखा कि छोटेलाल की मौत हो गई है, तो शव को वापस बाग में फेंककर फरार हो गए। 22 जून को दोपहर लगभग 12 बजे इस दिल दहला देने वाली वारदात की सूचना तेजीबाजार पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक जौनपुर डॉ. कौस्तुभ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नामजद आरोपी अमित गौतम को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपियों अमन हरिजन और अशोक उर्फ भुण्डा की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
.webp)
