1. Home
  2. जौनपुर

Jaunpur : वरुणा नदी किनारे झाड़ियों में मिला 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव

Jaunpur : वरुणा नदी किनारे झाड़ियों में मिला 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव

जौनपुर। जिले के भदोही और जौनपुर की सीमा पर स्थित शेरवां गांव के पास वरुणा नदी के किनारे झाड़ियों में एक 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना का विवरण

रामपुर थाना क्षेत्र के सिधवन पंचवल और शेरवा गांव के बीच वरुणा नदी के किनारे सोमवार शाम करीब 5 बजे एक चरवाहे ने नदी किनारे मिट्टी और काई से ढका हुआ शव देखा। देखते ही देखते शेरवां गांव के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। किसी ने तुरंत रामपुर थानाध्यक्ष श्री प्रकाश शुक्ला को घटना की सूचना दी।

सूचना पाते ही थानाध्यक्ष चौकी प्रभारी सिधवन अजय शर्मा और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव पर लोअर पहना हुआ था, लेकिन शर्ट का केवल कलाई का हिस्सा मौजूद था। शव पर मिट्टी और काई जमा होने के कारण उसके कपड़ों का रंग पहचानना मुश्किल था। शव करीब 20-25 दिन पुराना लग रहा था, जिससे तेज दुर्गंध आ रही थी।


पुलिस ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन कोई भी मृतक को पहचान नहीं सका। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया।


प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि युवक शौच के बाद नदी किनारे पानी छूने गया होगा और किसी दुर्घटना के कारण उसकी मृत्यु हो गई।


थानाध्यक्ष श्री प्रकाश शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान और मौत के कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।