Jaunpur : शादी में नाचने को लेकर हुआ विवाद, लौटते वक्त युवक को दबंगों ने पीटा, हालत गंभीर

Jaunpur News : कोतवाली क्षेत्र के चौरा गांव निवासी युवक पवन मौर्य पर गुरुवार देर रात दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। पवन शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी सुल्तानपुर गांव के पास लाठी-डंडों से लैस दबंगों ने घेरकर उन्हें बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल पवन को पहले केराकत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत चिंताजनक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, पवन लालगंज क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल हुए थे। समारोह के दौरान नाचने को लेकर कुछ युवकों से हल्की झड़प और धक्का-मुक्की हो गई थी। इसी बात को लेकर रंजिश पनप गई और दबंगों ने घात लगाकर पवन पर हमला कर दिया।
पिटाई के दौरान पवन की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पीड़ित के परिजनों ने पाँच आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी अवनीश कुमार राय ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इलाके में इस घटना के बाद से तनाव का माहौल बना हुआ है।
.webp)
