1. Home
  2. जौनपुर

Jaunpur: डायल 112 पर बुलाई गई पुलिस, ग्रामीणों का आरोप- नशे में धुत सिपाही ने मचाया हंगामा

Police

जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के बासूपुर (कोइरीपुर) गांव में मंगलवार देर रात एक अजीबोगरीब घटना ने तूल पकड़ लिया। रात करीब 12 बजे डायल 112 की पुलिस टीम गांव में एक शिकायत पर पहुंची, लेकिन वहां जो हुआ, उसने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए। ग्रामीणों का आरोप है कि टीम के साथ आया एक सिपाही खुद नशे में धुत था और गांव में पहुंचते ही उसने रिवाल्वर निकाल कर हंगामा शुरू कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव की सिवान में एक व्यक्ति शराब के नशे में बैठा महिलाओं से अभद्र व्यवहार कर रहा था। जब महिलाओं ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी तो उन्होंने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुलाया। सूचना पर पहुंची पीआरवी वाहन संख्या 2327 की टीम के एक सिपाही पर आरोप है कि वह खुद पूरी तरह नशे में था। गांव में आते ही उसने रिवाल्वर लहराना शुरू कर दिया और लोगों को जेल भेजने की धमकी देने लगा। साथ ही गाली-गलौज भी करने लगा।
इस हरकत से नाराज ग्रामीणों ने सिपाही को चारों तरफ से घेर लिया। दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की और बहस के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। ग्रामीणों के विरोध और कुछ समझदार लोगों की मध्यस्थता से मामला किसी तरह शांत हुआ और पुलिस टीम गांव से वापस लौट गई। लेकिन कुछ ही देर बाद थाने पर पहुंची जानकारी के आधार पर भारी पुलिस बल गांव में दबिश देने पहुंचा और बिना स्पष्ट कारण तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से गांव में आक्रोश है और लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं कि निर्दोष युवकों को जबरन फंसाया जा रहा है।
इस मामले में थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा डायल 112 को फोन कर बुलाया गया था, लेकिन मौके पर पहुंची टीम के साथ कुछ ग्रामीणों ने अभद्र व्यवहार किया। इसी आरोप में तीन युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और जांच की जा रही है।