Jaunpur: चकमार्ग की मांग को लेकर टावर पर चढ़ा किसान, तीन घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा

जौनपुर। खुटहन शेख असरखपुर गांव में चकमार्ग निर्माण की मांग को लेकर गुरुवार को एक किसान मोबाइल टावर पर चढ़ गया। किसान ने चेतावनी दी कि अगर उसी दिन चकमार्ग का निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो वह टावर से कूद जाएगा। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
गांव निवासी सतीश कुमार यादव का आरोप है कि मुख्य मार्ग से जुड़ा करीब 400 मीटर लंबा चकमार्ग राजस्व अभिलेखों में दर्ज है, लेकिन कुछ लोगों ने उसे जोतकर अपने खेतों में मिला लिया है। किसान का कहना है कि वह पिछले एक साल से चकमार्ग खाली कराने के लिए ब्लॉक से लेकर शाहगंज तहसील तक अधिकारियों के चक्कर लगा रहा था, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
गुरुवार सुबह करीब सात बजे सतीश नहर के पास लगे मोबाइल टावर पर लगभग 50 फीट ऊपर चढ़ गया। इसकी जानकारी मिलते ही एसडीएम शाहगंज कुणाल गौरव, क्षेत्राधिकारी गिरेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार, लेखपाल, पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के लिए टावर के नीचे जाल और गद्दे बिछाए गए।
करीब तीन घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद प्रशासन ने चकमार्ग की पैमाइश कराकर जेसीबी से निर्माण कार्य शुरू कराया। इसके बाद किसान सतीश टावर से नीचे उतर आया। किसान के सुरक्षित उतरने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
.webp)
