Jaunpur : पंखे की हवा को लेकर घराती-बराती आपस में भिड़े, जमकर चले लाठी-डंडे, एक की मौत

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, यहां एक शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गई जब पंखे की हवा को लेकर हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडों और पत्थर चलने लगे, जिसमें एक युवक की जान चली गई और तीन अन्य घायल हो गए।
क्या है पूरा मामला?
घटना जौनपुर के महाराजगंज थाना क्षेत्र के बरहुपुर गांव की है। गांव निवासी रामकुमार की बेटी खुशबू की शादी प्रतापगढ़ के भोजे मऊ के सुनील कुमार से तय हुई थी। शुक्रवार की रात द्वारचार के बाद जयमाल की तैयारियां चल रही थीं और वर-वधु पक्ष के लोग स्टेज के आसपास जुटे थे।
इसी दौरान गांव का युवक कमल कुमार अपने तीन साथियों के साथ स्टेज के पास खड़ा था और वह वहां लगे पंखे की हवा अपनी ओर मोड़ने लगा। इस छोटी-सी बात को लेकर वर और वधु पक्ष के लोगों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से एक-दूसरे पर टूट पड़े।
हिंसक झड़प में कमल कुमार (22) और उसके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शादी समारोह चीख-पुकार में बदल गया। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और पुलिस को सूचना दी।
अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत
घायलों को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान कमल कुमार की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया और शादी का माहौल गम में तब्दील हो गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, तीन गिरफ्तार
पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। अब तक तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। थाना प्रभारी ने बताया कि अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
.webp)
