Jaunpur : पति ने पत्नी को लाठी-डंडों से पीटकर किया घायल, पुलिस को देख हुआ फरार

जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के लूरखुरी गांव में एक व्यक्ति ने क्रोध में आकर अपनी पत्नी को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया, जिससे उसका सिर फट गया। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, लूरखुरी गांव की निवासी नीरा यादव शुक्रवार की रात अपने घर पर खाना बनाकर बच्चों के साथ सो रही थी। रात करीब साढ़े दस बजे उसका पति दिनेश यादव घर आया और अचानक लाठी-डंडे से पत्नी और तीनों बच्चों पर हमला कर दिया। इस हमले में 42 वर्षीय नीरा यादव गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके सिर में गहरी चोट आई।
बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। नीरा यादव ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी दिनेश यादव वहां से फरार हो गया। पुलिस ने घायल महिला को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी मुफ्तीगंज भेजा, जहां इलाज के बाद वह अपने बच्चों के साथ थाने पहुंची और पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
गौराबादशाहपुर थाना प्रभारी फूलचंद पांडेय ने बताया कि आरोपी व्यक्ति पहले भी अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। पीड़िता की तहरीर के आधार पर उसके पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
.webp)
