Jaunpur : इटैली नाले के जंगल में आग, बड़ा हादसा टला

जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के इटैली नाले के जंगल में रविवार सुबह अचानक आग लग गई, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सुबह करीब दस बजे जंगल में सरपत के झुरमुट में किसी अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की तेज लपटें पास के पेट्रोल पंप की ओर बढ़ने लगीं, जिससे वहां के कर्मचारी घबरा गए।
ग्रामीणों ने आग बुझाने के लिए हरसंभव प्रयास किया, लेकिन वे उसे काबू करने में असमर्थ रहे। इस दौरान किसी ने गौराबादशाहपुर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मेहनत कर आग पर नियंत्रण पाया, जिससे पेट्रोल पंप और आसपास के क्षेत्र को बड़े नुकसान से बचाया जा सका।
थाना प्रभारी गौराबादशाहपुर फूलचंद पांडेय ने बताया कि किसी तरह जंगल में आग लग गई थी, लेकिन फायर ब्रिगेड की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
.webp)
