Jaunpur News : निर्माणाधीन दो मंजिला इमारत की छत से गिरकर कामगार की मौत

Jaunpur News : इमरानगंज बाजार के पास निर्माणाधीन दो मंजिला इमारत की छत से गिरकर एक कामगार युवक की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब वह छत पर सो रहा था। गुरुवार सुबह उसका शव शौचालय के हब में पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में मातम छा गया।

मृतक की पहचान इलाहाबाद जनपद (अब प्रयागराज) के हंडिया क्षेत्र स्थित सीकी खुर्द गांव निवासी धीरज कुमार मौर्या (28) पुत्र शोभनाथ मौर्या के रूप में हुई है। वह इमरानगंज क्षेत्र में कासिम मुस्तफा नामक इंजीनियर के ठेके पर बन रही बिल्डिंग में इलेक्ट्रिक का कार्य कर रहा था। धीरज अपने अन्य सहयोगियों के साथ इसी निर्माणाधीन इमारत में काम करता था और रात को वहीं छत पर सोता था।
सहकर्मी धिरेन्द्र मौर्या के अनुसार, धीरज अक्सर रात को देर तक मोबाइल पर बात करता था और छत पर टहलता रहता था। बुधवार रात भी वह खाना खाने के बाद छत पर सोने चला गया था। सुबह जब साथी मजदूर काम पर जुटने लगे और धीरज कहीं नजर नहीं आया, तो सभी उसे ढूंढने लगे। तलाश के दौरान उसका शव नीचे बने शौचालय के हब में पड़ा मिला, जिससे स्पष्ट हुआ कि वह रात में छत से गिर गया होगा।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और परिजनों को सूचित कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। युवक की मृत्यु की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया।
इस मामले में पूछे जाने पर क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि घटना की जानकारी मिल चुकी है और यदि परिजनों द्वारा तहरीर दी जाती है तो मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
.webp)
