1. Home
  2. जौनपुर

Jaunpur : बिजली पोल पर चढ़कर युवक ने दी जान

Death

Jaunpur News : सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के खातीरपुर भैंसा गांव में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 45 वर्षीय व्यक्ति ने बिजली के पोल पर चढ़कर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गांव निवासी राजेश के रूप में हुई है, जो पेशे से राजगीर था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे राजेश बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गया और घर से कुछ ही दूरी पर स्थित एक बिजली पोल पर चढ़ गया। पोल पर चढ़ते ही वह करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। कुछ देर बाद लोगों ने जब बिजली पोल पर जलते हुए शव को देखा, तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी।

परिजन जब घटनास्थल पर पहुंचे, तो उन्होंने राजेश का शव बिजली के पोल पर लटका पाया। घटना की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

नशे की लत बनी जानलेवा

मृतक के भाई पप्पू ने बताया कि राजेश लंबे समय से शराब का आदी था और अक्सर नशे में परिवार से विवाद करता था। शुक्रवार को भी किसी बात से परेशान होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
थाना प्रभारी विनय प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक नशे का आदी था। पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई की जा रही है।

आर्थिक तंगी और आठ बच्चों की जिम्मेदारी

मृतक राजेश के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी। वह राजगीर का काम कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। राजेश छह भाइयों में दूसरे नंबर पर था और सभी भाई अलग-अलग रहते थे।
मृतक को आठ बच्चे हैं — विक्की (13), मिस्टर (9), वंदना (8), करिया (6), गुलशन (5), निधि (4), शलगम (3) और लालबाबू (1)। पिता की मौत की खबर सुनकर पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।