1. Home
  2. जौनपुर

सुबह 10 बजे तक फोन न उठे तो समझ लेना गड़बड़ है....ससुराल में रह रहे युवक की संदिग्ध मौत, भाई ने लगाया हत्या का आरोप

..

Jaunpur News: चन्दवक थाना क्षेत्र के जमुआ गांव में ससुराल में रह रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक के भाई ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए चन्दवक थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और मृतक के ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर जिले के अनौना गांव निवासी बंटी सिंह (38) की शादी लगभग 15 वर्ष पूर्व जमुआ गांव के उमाशंकर की पुत्री मैना से हुई थी। बंटी पिछले कुछ वर्षों से ससुराल में ही रह रहा था। बीते बुधवार को बंटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद ससुराल पक्ष ने चुपचाप शव का अंतिम संस्कार कर दिया, और मृतक के मायके पक्ष को इसकी सूचना तक नहीं दी।

शनिवार को मृतक का भाई पिंटू सिंह बुलंदशहर से चन्दवक थाने पहुंचा और आरोप लगाया कि उसके भाई की हत्या की गई है। पिंटू ने दावा किया कि घटना से ठीक पहले बंटी ने एक ऑडियो मैसेज भेजा था, जिसमें उसने अपनी जान को खतरा बताया था। ऑडियो में बंटी ने यह भी बताया कि उसने कुछ माह पहले ज़मीन बेची थी, जिससे उसे 5 लाख रुपये मिले थे। भाई का आरोप है कि इन्हीं पैसों को लेकर साजिश के तहत उसकी हत्या की गई।

ऑडियो में दी गई चेतावनी: "अगर सुबह 10 बजे तक फोन न उठे तो समझ लेना कुछ गड़बड़ है"

ऑडियो में बंटी ने स्पष्ट कहा था कि यदि उसका फोन सुबह 10 बजे तक रिसीव न हो, तो उसकी तलाश शुरू कर दी जाए। इसी आधार पर पिंटू सिंह ने अपने भाई की मौत को पूर्व नियोजित हत्या बताया है।

पुलिस ने ससुर को लिया हिरासत में, बाकी आरोपी फरार
थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि पिंटू की तहरीर पर ससुर उमाशंकर, पत्नी मैना, साली मंजू और एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने मृतक के ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं।

मृतक बंटी सिंह अपने पीछे दो मासूम बेटे सोनू (10) और मोनू (7) को छोड़ गया है। पूरे गांव में घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि ऑडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।