1. Home
  2. जौनपुर

Jaunpur : दहेज में अर्टिगा कार न मिलने पर विवाहिता को बच्चे संग सड़क किनारे फेंका, FIR

FIR

Jaunpur News : दहेज में अर्टिगा कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को ससुराल पक्ष ने बेरहमी से पीटकर घर से निकाल दिया और उसके जेवर भी छीन लिए। पीड़िता को उसके मासूम बेटे संग सड़क किनारे फेंक दिया गया। मामला सामने आने के बाद एसपी जौनपुर डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर जफराबाद थाने में पति समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

घटना गोपीपुर गांव निवासी जयप्रकाश चौबे की बेटी रीमा चौबे से जुड़ी है, जिसकी शादी 21 मई 2023 को प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव निवासी राघवेन्द्र दूबे से हुई थी। जयप्रकाश चौबे ने बताया कि शादी के समय उन्होंने बेटी को 12 लाख रुपये नगद, सोने-चांदी के जेवर और घरेलू सामान भेंट में दिया था। लेकिन विदाई के समय ही ससुराल पक्ष ने अर्टिगा कार की मांग करते हुए विरोध जताया। रिश्तेदारों के समझाने पर अगले दिन रीमा की विदाई की गई।

विदाई के बाद से ही ससुराल में रीमा को कार के लिए ताने और प्रताड़ना दी जाने लगी। कुछ समय बाद वह पति के साथ मुंबई चली गई, लेकिन वहां भी उसे मानसिक रूप से परेशान किया गया। इसी बीच रीमा ने एक बेटे को जन्म दिया।

आरोप है कि 8 अप्रैल 2025 को ससुराल वालों ने रीमा को बुरी तरह पीटा, उसके जेवर छीन लिए और बेटे आदविक के साथ गाड़ी में बैठाकर कचगांव पानी टंकी के पास सड़क किनारे छोड़ गए। जाते-जाते धमकी भी दी कि अर्टिगा कार के बिना ससुराल मत आना वरना अंजाम बुरा होगा।

रीमा किसी तरह अपने मायके पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। जब परिजन थाने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया। इसके बाद जयप्रकाश चौबे अपनी बेटी को लेकर एसपी जौनपुर से मिले और मामले की शिकायत की।

एसपी के आदेश पर जफराबाद पुलिस ने पति राघवेन्द्र दूबे, ससुर रामजी दूबे और सास मंजू देवी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और गहने लूटने जैसी धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।