1. Home
  2. जौनपुर

Jaunpur : आम के बाग में युवक का नग्न शव मिलने से हड़कंप, दोस्त के साथ निकला था घर से

..

जौनपुर)। जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के फतेहगढ़ (रामरायपुर) गांव स्थित एक आम के बाग में बुधवार सुबह एक युवक का नग्न अवस्था में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सरपतहां थाना क्षेत्र के उपाध्यायपुर गांव निवासी अनुराग शर्मा (34) के रूप में हुई है। वह मंगलवार शाम अपने दोस्त प्रमेश के साथ घर से निकला था और रातभर वापस नहीं लौटा।

सुबह बाग में मिला शव, इलाके में मचा कोहराम

बुधवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने गांव के ही एक आम के बाग में नग्न शव पड़ा देखा। शव की शिनाख्त होते ही परिजनों को सूचना दी गई। मृतक के घर से घटनास्थल की दूरी महज 200 मीटर थी। सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए। पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटनास्थल पर सीओ शाहगंज अजीत सिंह चौहान, सरपतहां थानाध्यक्ष अमित सिंह और खुटहन थानाध्यक्ष मुन्ना राम पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने शव के पास से मृतक के कपड़े और सिगरेट की डिब्बी बरामद की है। शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पिता मुंबई से रवाना

अनुराग शर्मा अपने दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसके निधन की खबर से घर में कोहराम मच गया है। पत्नी शालू शर्मा और बेटियाँ लाडो व शुभी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता प्रदीप शर्मा मुंबई में रहते हैं और खबर मिलते ही घर के लिए रवाना हो गए हैं।

दोस्त प्रमेश के साथ निकला था अनुराग

बताया जा रहा है कि अनुराग मंगलवार शाम धिरौली निवासी अपने दोस्त प्रमेश के साथ घर से निकला था। आमतौर पर प्रमेश उसे घर के पास छोड़कर चला जाता था, लेकिन इस बार वह उसे पास के बाग में छोड़कर लौट गया। जब अनुराग देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और प्रमेश को भी सूचना दी। प्रमेश ने भी पूरी रात उसकी खोजबीन में परिजनों का साथ दिया।

जांच कई कोणों से जारी: पुलिस

सीओ शाहगंज अजीत सिंह चौहान ने बताया कि फिलहाल परिजनों द्वारा कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मामला संदिग्ध है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।