1. Home
  2. जौनपुर

Jaunpur News : सिकरारा चौराहे पर दिनदहाड़े हवाई फायरिंग से मचा हड़कंप, दो बदमाशों पर नामजद मुकदमा दर्ज

Jaunpur

जौनपुर। सिकरारा चौराहे पर शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब बाइक सवार दो बदमाशों ने एक कोचिंग सेंटर के पास दिनदहाड़े हवाई फायरिंग कर दी। घटना से कुछ देर के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग की तस्वीरें पास की एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं, जिससे आरोपियों की पहचान में मदद मिली है।

घटना की सूचना मिलते ही सिकरारा थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। घटनास्थल से एक खाली कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जानिए क्या है मामला:

ताहिरपुर गांव निवासी सर्वेश यादव का 15 वर्षीय बेटा आर्यन यादव शनिवार सुबह लगभग 7:30 बजे कोचिंग से पढ़कर घर लौट रहा था। रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतर आए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, तो खुद को घिरता देख बाइक पर पीछे बैठे युवक ने पिस्टल निकालकर हवाई फायरिंग की और दोनों आरोपी शेरवा की ओर भाग निकले।


घटना की सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक राम नवेश ने घटनास्थल की जांच की और एक कारतूस का खोखा बरामद किया। थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित छात्र के चाचा मुकेश यादव की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और उन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। आमजन का कहना है कि दिनदहाड़े कोचिंग सेंटर जैसे व्यस्त स्थान पर फायरिंग कर बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। लोगों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।