1. Home
  2. जौनपुर

Jaunpur News : तेज आंधी से बरगद का पेड़ 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन पर गिरा, चार गांवों में गुल हुई बिजली

Power Cut

Jaunpur News : सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कोठवार बाजार में गुरुवार सुबह आई तेज आंधी ने तबाही मचा दी। सुल्तानपुर गौर मार्ग पर स्थित एक विशाल बरगद का पेड़ तेज हवाओं के चलते अचानक 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन पर गिर गया। इससे वहां लगा डबल विद्युत पोल (सर्किट ब्रेकर) टूटकर सड़क पर गिर पड़ा और आसपास के कई गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

हादसा करीब सुबह 11 बजे हुआ जब कोठवार गांव के पास सुल्तानपुर गौर रोड पर लगा पेड़ तेज हवा की चपेट में आ गया। इससे कोठवार बाजार में लगे विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गए। पेड़ गिरने के साथ ही हाईटेंशन तार टूट गया जिससे काफरपुर, पतहना, कोठवार और सुल्तानपुर गौर गांव की बिजली सप्लाई पूरी तरह बाधित हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी। विभाग की टीम मौके पर पहुंची और एहतियातन विद्युत आपूर्ति को बंद करा दिया गया।

बताया जा रहा है कि तूफान के कारण कुल चार विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके चलते करीब दस घंटे से बिजली पूरी तरह से बाधित है। विभाग की टीम मरम्मत कार्य में जुटी हुई है, लेकिन बिजली बहाली में अभी और वक्त लग सकता है।