1. Home
  2. जौनपुर

Jaunpur News : दो माह बाद भी नहीं सुलझी छह लाख की जेवरात छिनैती, स्वर्ण व्यवसायियों में नाराजगी

Jewar

Jaunpur News : गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के नयनसंड काली नगर चौराहा स्थित आभूषण की दुकान से दो महीने पूर्व हुई छह लाख रुपये के सोने के जेवरों की छिनैती का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर सकी है। मामले में देरी से आक्रोशित स्वर्ण व्यवसायियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

बताया गया कि बीते 11 फरवरी को मैरा गांव निवासी आभूषण व्यवसायी लालजी सेठ की दुकान पर दोपहर करीब ढाई बजे बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे। उन्होंने गहने खरीदने का बहाना कर दुकान से सोने के आभूषणों से भरी ट्रे उठाई और तेजी से सेवईनाला बाजार की ओर फरार हो गए। वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया था।

घटना की जानकारी पर तत्काल मौके पर पहुंचे सीओ केराकत अजीत रजक और थाना प्रभारी फूलचंद पांडेय ने घंटों जांच-पड़ताल की थी और बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन भी दिया था। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन दो महीने बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा।

केवल इतना ही नहीं, निसान गांव के सुभाष यादव के घर में तीन महीने पूर्व हुई डेढ़ लाख रुपये के आभूषणों की चोरी का भी पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर सकी है। इससे स्वर्णकार समाज और व्यापारियों में गहरी नाराजगी है।

इस संबंध में सीओ केराकत अजीत रजक ने बताया कि गौराबादशाहपुर थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ छिनैती की घटना की तह तक पहुंचने के प्रयास में लगे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेवरात बरामद किए जाएंगे।