1. Home
  2. जौनपुर

Jaunpur News : मनबढ़ युवकों ने युवक को हॉकी डंडे से पीटा, तीन दिन बाद दर्ज हुआ मुकदमा

marpeet

Jaunpur News : जफराबाद थाना क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर गांव के पास सोमवार को मनबढ़ युवकों ने एक व्यक्ति को रोककर हॉकी डंडे से जमकर पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तीन दिन बाद पीड़ित की तहरीर पर एक नामजद और तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के हनुआडीह गांव निवासी वीरेंद्र शर्मा (40) सोमवार दोपहर करीब 2 बजे सेवईनाला बाजार से मोहिउद्दीनपुर गांव जा रहे थे। जैसे ही वह मोहिउद्दीनपुर पार्क के पास पहुंचे, तभी चार की संख्या में मौजूद मनबढ़ युवकों ने उन्हें रोक लिया और हॉकी डंडे से हमला कर दिया।

हमले में वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर स्थानीय लोग जुटे, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घायल को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पीड़ित वीरेंद्र शर्मा ने घटना के तीन दिन बाद गुरुवार शाम को थाने में तहरीर दी। जफराबाद थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर सेवईनाला बाजार निवासी लालू यादव सहित तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।