1. Home
  2. जौनपुर

Jaunpur News : मां और डेढ़ साल के मासूम बेटे की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, गोदभराई से लौट रही थी वापस

Road Accident

Jaunpur News : जिले के संजरपुर गांव में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक मां और उसके डेढ़ वर्षीय मासूम बेटे की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब विवाहिता अपनी बहन की गोदभराई में शामिल होकर अपने मायके से लौट रही थी। हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और परिवार में मातम पसर गया।

संजरपुर निवासी नजमा (पत्नी सज्जाद) रविवार को अपने डेढ़ साल के बेटे उबैद को गोद में लेकर देवर मोहम्मद कैफ के साथ बाइक से सुल्तानपुर जिले के करौंदी थाना क्षेत्र के पहाड़पुर कला गांव मायके गई थीं। वहां वह अपनी छोटी बहन की गोदभराई रस्म में शामिल हुईं और सोमवार को वापस लौट रही थीं।

घर लौटते समय गौरा गांव के पास एक ईंट भट्ठे के पास उनका बेटा रोने लगा। नजमा ने देवर से बाइक रोकने को कहा और सड़क किनारे बैठकर बेटे को स्तनपान कराने लगीं। इसी दौरान एक ईंट लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर दोनों को रौंदता हुआ एक पेड़ से जा टकराया। मौके पर ही मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि बाइक से उतरे देवर कैफ बाल-बाल बच गए।

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन बेसुध होकर रोने लगे और गांव में मातम छा गया। लोग यही कहते दिखे कि अगर नजमा को मालूम होता कि यह उसकी अंतिम यात्रा साबित होगी, तो वह कभी मायके न जाती। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।