Jaunpur News : देवरिया गांव में तीन घरों को चोरों ने बनाया निशाना, नगदी समेत लाखों के आभूषण ले उड़े

Jaunpur News : कोतवाली क्षेत्र के देवरिया गांव में गुरुवार रात चोरों ने तीन अलग-अलग घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नगदी चुरा ली। एक ही रात में हुई इन वारदातों से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शिक्षक दिनेश यादव के मकान के दो कमरों का ताला तोड़कर चोरों ने गोदरेज अलमारी और बक्से में रखे करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के जेवरात और 4,000 रुपये नगद चुरा लिए। चोरी गए जेवरों में दो सोने की चेन, तीन कर्णफूल, एक नथनी और तीन जोड़ी पायल शामिल हैं।
वहीं, दिनेश यादव के चाचा छोटेलाल यादव के घर से भी चोरों ने एक सोने की चेन, चार जोड़ी कर्णफूल और चार अंगूठियां चुराईं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
इसी रात गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित सुनील पाल के मकान के तीन कमरों का ताला तोड़कर चोरों ने डेढ़ लाख रुपये नकद सहित एक हार, दो पायल, चार अंगूठी, एक मंगलसूत्र, दो चेन और एक मांगटीका चोरी कर लिया। पीड़ित ने कुल नुकसान लगभग साढ़े चार लाख रुपये बताया है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि पीड़ितों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
.webp)
