Jaunpur News : मड़ियाहूं में कार की टक्कर से बुलेट सवार तीन गंभीर रूप से घायल, चालक फरार

Jaunpur News : मड़ियाहूं-मछलीशहर मार्ग पर स्थित मेजा गांव के पास गुरुवार रात एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने बुलेट मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मेजा गांव निवासी आशीष पटेल (38), सुजीत गौड़ (22) और वकील सरोज (45) बुलेट बाइक से बेलवा की ओर से गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे मेजा गांव पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से तीनों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं बुलेट मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की खबर फैलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और भागने की कोशिश कर रहे कार को घेर लिया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही मड़ियाहूं पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कोतवाली ले जाकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। घायल व्यक्तियों की हालत गंभीर बनी हुई है और पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है।
.webp)
