Jaunpur News : चलती टूरिस्ट बस में लगी आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

Jaunpur News : जौनपुर-रायबरेली राजमार्ग पर बुधवार दोपहर प्रतापगंज बाजार के पास उस समय हड़कंप मच गया जब दिल्ली से वाराणसी जा रही एक टूरिस्ट बस में अचानक आग लग गई। हाईवे स्टार बस सर्विस की इस बस में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग भड़क गई और कुछ ही पलों में पूरा वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया।
बस में सवार 14 यात्री समय रहते सतर्क हो गए और उन्होंने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब 45 मिनट में आग पर काबू पाया। इस दौरान हाईवे के दोनों ओर लगभग डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
घटना के वक्त बस के ड्राइवर ने यात्रियों को संयम बनाए रखने और सावधानी से नीचे उतरने की अपील की। आग लगते ही लोग अपने-अपने छोटे बैग और जरूरी सामान लेकर बस से बाहर निकल गए, लेकिन भारी सामान और लगेज बस में ही रह गया जो पूरी तरह जल गया।
बस से करीब 10 मीटर की दूरी पर स्थित संजय कुमार अग्रहरि की दुकान भी आग की चपेट में आ गई। इस दुकान में रखे हेलमेट, बाइक सीट कवर जैसे कई सामान जलकर राख हो गए। दुकानदार ने बताया कि उन्हें लगभग 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
बस में सफर कर रहे चम्बलतार निवासी शिवाकुमार ने बताया कि वह जौनपुर में उतरने वाले थे, इसलिए उनका बैग पास में ही था, जिससे वह सुरक्षित बाहर निकल पाए।
थानाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और लोगों को दूर रहने की हिदायत दी। आग की तीव्रता इतनी थी कि बस के टायर फटने लगे और उनका मलबा दूर तक फैल गया। अग्निशमन टीम ने तत्परता से काम किया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। सभी यात्री बाद में दूसरे वाहनों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
.webp)
