Jaunpur News : ग्राम प्रधान ने मनबढ़ों से बचाव के लिए की हवाई फायरिंग, पांच आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

Jaunpur News : सिकरारा क्षेत्र के जमुआ गांव में गुरुवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में ग्राम प्रधान ज्ञानेंद्र चौहान ने आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग की। इस मामले में प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही शिवबहादुर यादव सहित पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान के 25 वर्षीय भतीजे विनोद चौहान गुरुवार शाम गांव स्थित बजरंगबली मंदिर में पूजा करने गए थे। उसी दौरान गांव निवासी शिवबहादुर यादव अपने चार अन्य साथियों के साथ पहुंचकर पुरानी रंजिश के चलते विनोद पर हमला कर दिया। मारपीट की सूचना पर ग्राम प्रधान स्वयं मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे, लेकिन संख्या बल में अधिक होने के कारण हमलावरों ने प्रधान को भी निशाना बना लिया।
स्थिति बिगड़ती देख ग्राम प्रधान ने आत्मरक्षा में अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायरिंग की, जिससे हमलावर मौके से भाग खड़े हुए। घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की।
थानाध्यक्ष ने बताया कि ग्राम प्रधान द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर शिवबहादुर यादव समेत पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गांव में स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है।
.webp)
