Jaunpur News : तेज आंधी में आम का पेड़ गिरने से महिला की दर्दनाक मौत, घर में मचा कोहराम

Jaunpur News : सरपतहां थाना क्षेत्र के समोधपुर गांव में गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा हो गया, जब तेज आंधी के दौरान गिरे आम के पेड़ के नीचे दबने से 29 वर्षीय महिला की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उपले हटाते वक्त टूटा कहर
मृतका साधना देवी, पत्नी अनिल यादव, सुबह करीब 10 बजे तेज हवाओं के बीच बारिश की आशंका को देखते हुए घर के बाहर रखे उपलों को समेट रही थीं। उसी समय अचानक बगल में खड़ा आम का एक पुराना पेड़ तेज आंधी में गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर साधना गंभीर रूप से घायल हो गईं।
ग्रामीणों ने निकाला बाहर, अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें पेड़ के नीचे से बाहर निकाला और परिजन तुरंत उन्हें राजकीय पुरुष चिकित्सालय शाहगंज लेकर पहुंचे। लेकिन इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमित सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
.webp)
